अमेरिकी विदेश विभाग
प्रवक्ता का कार्यालय
संबोधन

फरवरी 24, 2023
न्यूयॉर्क सिटी, न्यूयॉर्क

विदेश मंत्री ब्लिंकन:  बहुत-बहुत धन्यवाद, अध्यक्ष महोदय। लगभग 50 साल पहले, इस निकाय को पूरे यूरोप में सुरक्षा और वास्तविक एवं टिकाऊ शांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया था। अमेरिका और सोवियत संघ सहित पैंतीस राष्ट्र उस शांति को हासिल करने हेतु संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, मानवाधिकारों के सम्मान सहित कुछ बुनियादी सिद्धांतों की पुष्टि के लिए एक मंच पर आए थे। आज से एक साल पहले, राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन पर पूर्ण आक्रमण शुरू करके उन सिद्धांतों पर हमला किया। और रूस ने उसके बाद यूक्रेन की लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश कर, दिखावटी जनमत संग्रह आयोजित कर, यूक्रेन की पहचान मिटाने और उसे रूस में समाहित करने में नाकाम रहने के बाद अवैध रूप से यूक्रेनी इलाक़ों को ज़ब्त करने का प्रयास कर निरंतर उन सिद्धांतों का उल्लंघन किया है।

रूस की सेना ने यूक्रेन के लोगों के खिलाफ़ व्यापक और सुनियोजित हमले किए हैं, जिनमें से कइयों का हमारे इस संगठन के विशेषज्ञों द्वारा दस्तावेज़ीकरण किया गया है। निर्दोष नागरिकों की हत्याएं, उनके साथ बलात्कार, उन पर अत्याचार हुए हैं; अपने माता-पिता से अलग किए गए बच्चों सहित लाखों यूक्रेनियों को ज़बरन रूस भेजा गया है। ये मानवता के खिलाफ अपराध हैं। रूस की सेना ने बार-बार यूक्रेन के असैन्य बुनियादी ढांचे पर भी हमले किए हैं, अस्पतालों और स्कूलों पर बमबारी की है, शहरों को मलबे में तब्दील किया है।

ओएससीई ने इन अत्याचारों की जांच करने और यूक्रेनी लोगों पर रूस के युद्ध के प्रभाव को लेकर निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार करने हेतु विशेषज्ञों को तैनात करने का अहम कार्य किया है। दूसरी ओर, रूस ने ओएससीई को रोकने की कोशिश की है। ओएससीई के बजट को अस्थिर करने के लिए रूस ने नियमों का दुरूपयोग किया जिससे इस निकाय को महीने दर महीने के स्तर पर संचालन के लिए मजबूर होना पड़ा, और दीर्घकालिक योजना बनाने की इसकी क्षमता कमज़ोर हुई। रूस ने मनमाने ढंग से ओएससीई कर्मचारियों को हिरासत में लिया है, जिनमें कई 10 महीने बाद अब भी हिरासत में हैं। इन कर्मियों को हिरासत में लेने का कोई औचित्य नहीं है। मास्को उन्हें तुरंत रिहा करे।

मास्को के अवरोध के बावजूद, ओएससीई आवश्यक कार्य करना जारी रखे हुए है। यूक्रेन के लिए ओएससीई सहायता कार्यक्रम, जो संस्था का अब तक का पहला वीटोरहित फ़ील्ड मिशन है, जल्द ही यूक्रेन की साइबर सुरक्षा को मज़बूत करने हेतु तकनीकी सहायता प्रदान करने, उसके ऊर्जा ग्रिड, संचार तंत्र और अन्य अहम बुनियादी ढांचों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ राष्ट्रपति पुतिन के युद्ध से प्रभावित लोगों को मदद उपलब्ध कराने की स्थिति में होगा। हम सभी सदस्य देशों से इस कार्यक्रम के निर्माण से जुड़ने का आग्रह करते हैं, जिसकी फ़ंडिंग स्वैच्छिक योगदानों के ज़रिए की जा रही है।

पिछले एक साल में, ओएससीई के 57 भागीदार देशों में से अधिकांश ने हमारे साझा मूल्यों को मज़बूती से कायम रखा है। जब राष्ट्रपति पुतिन का युद्ध अपने दूसरे वर्ष में प्रवेश कर रहा है, हमें रूस के अपराधों को उजागर करते रहने, यूक्रेन और उसके लोगों का समर्थन जारी रखने, और दुनिया को अधिक सुरक्षित एवं निरापद बनाने वाली नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को मज़बूत करते रहने के लिए एकजुट रहना होगा। अमेरिका उन सभी सहभागी देशों के साथ खड़ा रहेगा जो उन सिद्धांतों के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिन पर हम सभी लगभग पांच दशक पहले सहमत हुए थे। और, चाहे जितना वक़्त लगे हम यूक्रेन के बहादुर रक्षकों और यूक्रेनी जनता के साथ खड़े रहेंगे। धन्यवाद, अध्यक्ष महोदय।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/secretary-antony-j-blinken-at-a-virtual-osce-permanent-council-meeting/

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।

U.S. Department of State

The Lessons of 1989: Freedom and Our Future