अमेरिकी विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन का वक्तव्य
शिल्ला होटल
सियोल, कोरिया गणतंत्र
मार्च 17, 2024

विदेश मंत्री ब्लिंकन: बहुत-बहुत धन्यवाद। राष्ट्रपति यून, विदेश मंत्री चो: इस तृतीय लोकतंत्र शिखर सम्मेलन की मेज़बानी के लिए धन्यवाद। और मुझे आशा है कि नोरी की असाधारण भावना, जिसे हमने अभी कुछ क्षण पहले देखा था, अगले तीन दिनों तक व्याप्त रहेगी, और वास्तव में, हमें सियोल से आगे बढ़ने में मदद करेगी क्योंकि हम न केवल यहां अपना काम करेंगे, बल्कि अगले कई हफ़्तों और महीनों तक उसे जारी रखेंगे।

यह विशेष रूप से उपयुक्त है – वास्तव में, यह थोड़ा मर्मस्पर्शी भी है – कि हम यहां सियोल, कोरिया में इस तृतीय लोकतंत्र शिखर सम्मेलन के लिए एकत्र हुए हैं – एक ऐसा राष्ट्र जो एक ही पीढ़ी के दौरान दुनिया के सबसे मज़बूत और जीवंत लोकतंत्रों में से एक, दुनिया के लिए लोकतंत्र का हिमायती, बन गया।

मैं आज यहां हमारे साथ मौजूद ब्रिटेन और इक्वाडोर के अपने साझेदारों को भी लोकतंत्र शिखर सम्मेलन के ध्वज को आगे ले जाने में मदद के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। और आज उपस्थित सभी लोगों को यहां आने के लिए धन्यवाद।

हम बड़े और छोटे देशों से आते हैं; पूरब और पश्चिम से; विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं से। लेकिन हम सभी इस दृढ़ विश्वास से एकजुट हैं कि लोकतंत्र मानवीय क्षमताओं को उजागर करने और हमारे लोगों के कल्याण का सबसे शक्तिशाली माध्यम है।

तीन साल पहले, राष्ट्रपति बाइडेन ने लोकतंत्र शिखर सम्मेलन की शुरुआत की थी, इस मान्यता के साथ कि लोकतांत्रिक शासन एक अहम मोड़ पर आ पहुंचा है, जिसे उन्होंने एक संक्रमण बिंदु बताया था।

शीतयुद्ध के अंत के बाद दुनिया भर में राजनीतिक खुलेपन की एक शक्तिशाली लहर उठी थी, लेकिन इसके बाद लगभग दो दशकों तक लोकतांत्रिक गिरावट आई। कई स्थानों पर, बुनियादी स्वतंत्रताएं खत्म हो गईं, चुनावी अधिकारों पर चोट की गई, और भ्रष्टाचार ने उम्मीदों को छीन लिया।

इस शिखर सम्मेलन के बैनर तले, पिछले तीन वर्षों में, हम इस चुनौती से निपटने के लिए एकजुट खड़े हुए हैं। दुनिया के हर हिस्से की 100 से अधिक सरकारें न केवल अपने-अपने देशों में लोकतंत्र को मज़बूत और नवीनीकृत करने के वास्ते ठोस कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, बल्कि दुनिया भर में साझा खतरों से निपटने के लिए भी मिलकर काम कर रही हैं।

हम भ्रष्टाचार से लड़ रहे हैं। बुल्गारिया गलत कार्यों की पोल खोलने वालों को संरक्षण दे रहा है और सरकारी अभियोजकों के लिए जवाबदेही बढ़ा रहा है। कीनिया ने सरकारी खरीद के लिए खुले अनुबंध डेटा मानकों को अपनाया है और एक सार्वजनिक लाभकारी स्वामित्व रजिस्टर शुरू किया है। कनाडा दुनिया भर में मनी लॉन्ड्रिंग से निपटने के लिए लाखों का निवेश कर रहा है।

हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को बढ़ावा दे रहे हैं। चुनाव पूर्व हिंसा के जोखिम को कम करने के लिए स्विट्जरलैंड तकनीकी विशेषज्ञता और मार्गदर्शन के साथ उभरते लोकतंत्रों का समर्थन कर रहा है।

बोत्सवाना राष्ट्रपति पद की सीमा निश्चित करने पर सहमति बनाने के लिए अफ्रीकी संघ और क्षेत्रीय आर्थिक समुदायों जैसे क्षेत्रीय निकायों से संवाद कर रहा है। ऑस्ट्रेलिया दक्षिणपूर्व एशियाई और प्रशांत क्षेत्रीय देशों को चुनावों में समर्थन दे रहा है।

हम स्वतंत्र मीडिया और पत्रकारों की सुरक्षा कर रहे हैं। अमेरिका ने मीडिया संस्थानों की दीर्घकालिक स्थिरता को मज़बूत करने के लिए एक दर्जन से अधिक देशों में सार्वजनिक इंटरनेट मीडिया – क्षमा करें, जन सरोकारी मीडिया अंतरराष्ट्रीय फ़ंड के माध्यम से अनुदानों में योगदान किया है। और हम पत्रकारिता सुरक्षा मंच के तहत निर्वासन में कार्यरत मीडियाकर्मियों सहित पत्रकारों की सुरक्षा को बेहतर कर रहे हैं।

हम मानवाधिकारों का समर्थन और बचाव कर रहे हैं। नेपाल ने बलात्कार का मामला दर्ज करने की सीमा अवधि बढ़ा दी है। चेकिया ने उन मानवाधिकार रक्षकों के लिए आपातकालीन वीज़ा जारी करने का कार्यक्रम शुरू किया है जो खतरे में हो सकते हैं। बहामास ने विकलांग लोगों को सेवाओं और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए एक मोबाइल टूल लॉन्च किया है।

और अहम बात ये है कि हम लोकतंत्र के संरक्षण और बढ़ावा देने के महत्वपूर्ण कार्य में सरकार से बाहर के साझेदारों को शामिल कर रहे हैं। अमेरिका ज़िम्मेदार व्यावसायिक आचरण पर एक नई राष्ट्रीय कार्ययोजना शुरू कर रहा है। इसके तहत संपूर्ण अमेरिकी सरकारी तंत्र में 40 से अधिक ठोस कदमों का निर्धारण किया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जिन कंपनियों के साथ हम काम करते हैं वे वास्तव में मानवाधिकारों को क़ायम रखती हों।

राष्ट्रपति बाइडेन ने लोकतंत्र की रक्षा को अमेरिकी कूटनीति का मुख्य स्तंभ बना दिया है – क्योंकि स्वदेश में हमारे लोकतंत्र की सुरक्षा और उसके नवीनीकरण में तेज़ी लाने के लिए आवश्यक है कि हम एक ऐसी दुनिया बनाने में योगदान दें जिसमें कि लोकतंत्र फल-फूल सके।

लोकतंत्र के पारंपरिक स्तंभों को मज़बूत करने का काम पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।

लेकिन हमें यह भी दिखाना होगा कि लोकतंत्र हमारे लोगों की ज़रूरतों के प्रति उत्तरदायी है और उनके जीवन और आजीविका के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम कर सकता है।

जैसे, जलवायु संकट – जो, लाखों लोगों के लिए, आज वाक़ई उनकी आजीविका के लिए एक संभावित ख़तरा है।

समावेशी आर्थिक विकास, जो काम से जुड़ी गरिमा की रक्षा करता है और लोकतंत्रों की आर्थिक प्रतिस्पर्धात्मकता को मज़बूत करता है।

सामाजिक अधिकार, जैसे भोजन, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, और आवास का अधिकार।

कमज़ोर और ऐतिहासिक रूप से हाशिए पर पड़े लोगों – महिलाएं और बालिकाएं, विकलांगता के शिकार लोग, एलजीटीबीक्यूआई+ समुदाय, धार्मिक और जातीय अल्पसंख्यक, युवा – के अधिकार और ज़रूरतें। हमारा लोकतंत्र केवल कुछ लोगों के लिए ही नहीं हो सकता – यह सभी के लिए होना चाहिए।

इसीलिए हम अपने देशों के युवा लोकतांत्रिक नेताओं को परस्पर जोड़ने के लिए यूथ डेमोक्रेसी नेटवर्क जैसी लोकतंत्र शिखर सम्मेलन की नई पहलों में निवेश कर रहे हैं। अगर हम चाहते हैं कि उभरती पीढ़ियां लोकतांत्रिक समाजों का समर्थन करें तो हमें उनकी ज़रूरतों, उनकी आकांक्षाओं से अवगत और अनुप्राणित होने – और उन पर काम करने की ज़रूरत है।

लोकतंत्र में नई ऊर्जा डालने के लिए हमें एक ऐसे तकनीकी भविष्य को आकार देने की भी आवश्यकता होगी जो समावेशी हो, जो अधिकारों का सम्मान करे, जो लोगों के जीवन में प्रगति लाने पर केंद्रित हो।

चूंकि अधिनायकवादी और दमनकारी शासन प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल लोकतंत्र और मानवाधिकारों को कमज़ोर करने के लिए करते हैं, इसलिए हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि प्रौद्योगिकी लोकतांत्रिक मूल्यों और मानदंडों को क़ायम रखे और उनका समर्थन करे।

आज सुबह थोड़ी देर बाद, हमें ये सुनिश्चित करने के तरीकों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा कि हमारी तकनीकी प्रगति – विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल साधन – वास्तव में लोकतांत्रिक नवीनीकरण को बढ़ावा दें और इसे कमज़ोर नहीं बनाएं।

जैसा कि राष्ट्रपति बाइडेन अक्सर कहते हैं, लोकतंत्र संयोग से नहीं बनता है। हमें इसे लगातार नवीनीकृत करना होगा। और हमें अपनी कमियों का सामना पारदर्शी तरीके से करना होगा, तब भी जब ऐसा करना असुविधाजनक हो, तब भी जब ऐसा करना पीड़ादायक हो।

हम ये काम इस बात से पूरी तरह अवगत होते हुए करें कि लोकतंत्र दुनिया भर के लोगों की एक साझा आकांक्षा है – और प्रतिनिधिक लोकतंत्र की आकांक्षा अब भी मज़बूत है।

हमारे लोकतंत्रों की रक्षा का काम एक सामूहिक प्रयास है, जो हमारी सरकारों और हमारे लोगों के मिलकर काम करने पर निर्भर करता है। सभी लोगों, सभी राष्ट्रों, सभी क्षेत्रों के लिए इसमें योगदान की गुंजाइश है। और हममें से किसी का भी विचारों पर एकाधिकार नहीं है, अच्छे विचारों की तो बात ही छोड़िए।

और यह, एक तरह से, लोकतंत्र शिखर सम्मेलन की शक्ति है – वास्तव में समाधान साझा करने और उसे विस्तार देने की क्षमता; सामूहिक कार्रवाई को उत्प्रेरित करना; मानदंडों में बदलाव लाना। ऐसा करते हुए, हम अपने लोकतांत्रिक मॉडल के लिए अपने लोगों का और दुनिया का विश्वास अर्जित करते रहेंगे।

इसी के साथ, यहां मौजूद सभी लोगों को धन्यवाद। आपकी सहभागिता के लिए धन्यवाद। यहां उपस्थित प्रत्येक देश को उसके दिन-प्रतिदिन के नियमित नेतृत्व के लिए धन्यवाद। और इस कक्ष में चारों ओर नज़र दौड़ाते हुए, इतने सारे साझेदारों की प्रतिबद्धताओं को सुनकर, मैं अत्यधिक आशावादी हूं कि हम वक़्त की चुनौती पर खरा उतरेंगे।

आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। (तालियां।)


मूल स्रोत: https://www.state.gov/secretary-antony-j-blinken-at-the-opening-ceremony-of-the-third-summit-for-democracy/.

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।

U.S. Department of State

The Lessons of 1989: Freedom and Our Future