अमेरिकी विदेश विभाग
विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन
प्रेस वक्तव्य
सितंबर 29, 2022

क्रेमलिन का फ़र्ज़ी जनमत संग्रह यूक्रेन में ज़मीन हड़पने की ताज़ा कोशिश को छिपाने का एक निरर्थक प्रयास है। ये बात स्पष्ट है: इनके परिणाम मास्को में तय किए गए थे और ये यूक्रेन के लोगों की इच्छा को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। अमेरिका इन दिखावटी जनमत संग्रहों की वैधता या परिणाम को या रूस द्वारा यूक्रेन के क्षेत्रों के कथित विलय को मान्यता नहीं देता है, और न ही कभी मान्यता देगा। रूसी इशारों पर काम करने वालों द्वारा आयोजित यह कवायद नाजायज़ है और अंतरराष्ट्रीय क़ानून का उल्लंघन करता है। यह अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के सिद्धांतों की अवहेलना है।

रूस ने अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों की अधिकांश आबादी को भागने के लिए मजबूर कर दिया और वहां रह गए यूक्रेन के नागरिकों को अपनी सुरक्षा और अपने प्रियजनों की सुरक्षा के डर से बंदूक की नोक पर मतदान करने के लिए मजबूर किया है। यूक्रेन के लोगों ने लगातार एक स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भविष्य की इच्छा व्यक्त की है। वे चाहते हैं कि उनका देश स्वतंत्र और संप्रभु बना रहे। उनके सैनिक बहादुरी से लड़ रहे हैं, और यूक्रेन के रूस-नियंत्रित या क़ब्ज़े वाले क्षेत्रों के लोग यूक्रेन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य सीमाओं को जबरन बदलने के मास्को के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं।

अमेरिका और हमारे सहयोगी एवं साझेदार रूसी आक्रमण के खिलाफ़ अपनी ज़मीन की रक्षा के लड़ रहे यूक्रेन को सहायता देना जारी रखेंगे। हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य सीमाओं के भीतर यूक्रेन की एकता, संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता का पुरज़ोर समर्थन करते हैं। जैसा कि राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा है, हम इन क्षेत्रों को यूक्रेन के अलावा किसी अन्य देश के हिस्से के रूप में कभी भी मान्यता नहीं देंगे, और जब तक आवश्यक हुआ हम यूक्रेन का समर्थन करते रहेंगे।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/russias-sham-referenda-in-ukraine/

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।

U.S. Department of State

The Lessons of 1989: Freedom and Our Future